धनबाद से भाजपा के टिकट को लेकर लगी रेस, शिवरात्रि के दिन हो सकती है घोषणा

3 Min Read

धनबाद। झारखंड के 14 में से 11 सीटों पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतार दिये हैं। राज्य में अब तीन सीटों चतरा, धनबाद और गिरिडीह पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होनी बाकी है।

इधर धनबाद में भाजपा के टिकट को लेकर रेस तेज हो गई है। जानकारी मिल रही है कि शिवरात्रि के दिन आठ मार्च को धनबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी की घोषणा हो सकती है।

शनिवार को भाजपा की तरफ से जारी पहली सूची में धनबाद का टिकट होल्ड पर रखा गया है। इसके बाद से ही इस लोकसभा में गतिविधियां तेज हो गई हैं।

मौजूदा सांसद पशुपति नाथ सिंह की उम्र ज्यादा हो जाने के कारण उनका टिकट कटने की चर्चा है। वहीं, विधायक राज सिन्हा, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल समेत कई नाम है, जिनके नामों की चर्चा यहां चल रही है।

धनबाद का टिकट होल्ड होने से सभी समर्थकों की सांसें फूल रही है। धनबाद को लेकर चतरा से जोड़ कर समीकरण फिट करने की कोशिश की जा रही है। दोनों ही सीटों पर पेंच फंसी हुई है।

यहां से वर्तमान सांसद पशुपति नाथ सिंह, धनबाद के विधायक राज सिन्हा, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, प्रवक्ता विनय सिंह, अमरेश सिंह, विजय पांडेय सहित कई दावेदार हैं।

सबका अपना-अपना दावा है. हालांकि, कोई भी कुछ बोलने से बच रहे हैं। हालांकि इस बीच एक चर्चा यह भी है कि बीजेपी छोड़ चुके एक कद्दावर नेता की वापसी हो सकती है और वह धनबाद से ही लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।

इधर, धनबाद से भाजपा टिकट के दावेदारों ने दिल्ली में लॉबिंग तेज कर दी है। कई दावेदार रविवार को ही दिल्ली निकल गये। कुछ पहले से ही दिल्ली में कैंप किये हुए हैं। एक-दो दावेदार सोमवार को दिल्ली जानेवाले हैं।

धनबाद के एक आइएएस अधिकारी की पत्नी भी भाजपा की टिकट पर धनबाद से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। यहां वह लगातार घूम रही हैं। उनका संबंध देश के एक राजनीतिक घराने से बताया जाता है।

इसे भी पढ़ें

इस दिन मनाई जाएगी महाशिवरात्रि, पूजा के दौरान इन बातों का रखें ध्यान

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं