कोयलांचल में आतंक का दूसरा नाम-गैंग्स आफ वासेपुर का प्रिंस [Another name of terror in Koyalanchal – Prince of Gangs of Wasseypur]

4 Min Read

धनबाद। दुबई में बैठकर गैंग ऑपरेट करते हुए धनबाद में आतंक मचाने वाले वासेपुर के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर प्रिंस खान को गिरफ्तार कर भारत लाने की पुरजोर कोशिश जारी है।

धनबाद पुलिस ने इसके लिए दिल्ली के प्रत्यर्पण कोर्ट में पिटीशन फाइल की है। झारखंड के धनबाद में बिजनेसमैन दीपक अग्रवाल पर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी को लेकर कोशिश तेज कर दी है।

उसे खाड़ी देश से भारत लाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने प्रिंस खान का हुलिया, उसकी तस्वीर, उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों के साथ-साथ उसके फर्जी पासपोर्ट आदि का ब्योरा आवेदन के साथ संलग्न किया है।

पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई द्वारा इंटरपोल से साझा की गई सूचनाओं के आधार पर पिछले साल जुलाई में ही प्रिंस के खिलाफ रेड और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है।

विदेश में अगर उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है, तो उसे वापस तभी भारत लाया जा सकेगा, जब उसका प्रत्यर्पण होगा। इसलिए धनबाद पुलिस ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के लिए कोर्ट में पिटीशन फाइल किया है।

यहां छिपा है प्रिंस खान

पुलिस ने जो सूचना जुटाई है, उसके मुताबिक प्रिंस खान दुबई या शारजाह में छिपा है और वहीं से धनबाद कोयलांचल में गैंग ऑपरेट कर रहा है।

पिछले साल प्रिंस खान, हैदर अली के नाम पर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भाग गया था। इसकी खुलासा सीआईडी की जांच में हुआ था। इसके बाद उसका पासपोर्ट रद्द करवाया गया था।

धमकी वाले वीडियो कर रहा जारी

प्रिंस खान ने विदेश भागने के बाद वहां से धमकी भरे कई वीडियो जारी किए। उसके गुर्गों ने पिछले नौ-दस महीने में धनबाद में हत्या, रंगदारी, फायरिंग के दर्जनों ज्यादा वारदात अंजाम दिए हैं।

हालांकि, पुलिस प्रिंस खान के गिरोह के 100 से ज्यादा गुर्गों और उसके मददगारों को गिरफ्तार कर चुकी है,, लेकिन इसके बावजूद उसका आतंक कम नहीं हो रहा।

खान ने दी थी धमकी

प्रिंस खान के गिरोह ने धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में कार सेंटर नामक प्रतिष्ठान के मालिक दीपक अग्रवाल पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद धनबाद के व्यवसायी आंदोलन पर उतर आये थे।

इस वारदात के विरोध में कारोबारियों ने धनबाद बंद रखा था। हालांकि, बंद के दौरान गैंगस्टर प्रिंस के गुर्गे मेजर ने पर्चा जारी कर न सिर्फ वारदात की जिम्मेदारी ली थी,बल्कि ऐलान किया था कि रंगदारी न देने वाले सभी व्यवसायियों का यही अंजाम होगा।

इससे पता चलता है कि प्रिंस खान कितना बेखौफ है। उसे पुलिस प्रशासन की रत्तीभर परवाह नहीं है।

आज भी वह दुबई से फिरौती और रंगदारी के धंधे को ऑपरेट कर रहा है। पुलिस बेबस है और प्रिंस खान के गुर्गों को ही पकड़ कर संतोष कर रही है।

इसे भी पढ़ें

प्रिंस खान ने बोकारो के अरविंद ज्वेलर्स से मांगी 20 लाख रंगदारी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं