Police search Ansh Ashinka Ranchi: रांची के अंश और अशिंका की तलाश में जुटी देश के 17 हजार थानों पुलिस

3 Min Read

Police search Ansh Ashinka Ranchi

रांची। धुर्वा से लापता अंश और उसकी बहन अंशिका की तलाश के लिए अब पूरे देश में तलाशी अभियान शुरू हो रहा है। सीआइडी एडीजी मनोज कौशिक ने ह्यू एंड क्राइ नोटिस यानी शोर शराबा नोटिस जारी कर दिया है। इस नोटिस के तहत देश के दूसरे राज्यों की पुलिस की किसी मामले के जांच अभियान में सहायता ली जाती है।

इन राज्यों को भेजा गया नोटिस

इस नोटिस को सीआइडी एडीजी ने आंधप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, गोवा, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, तेलंगाना, ओड़िशा, मेघालय, दिल्ली और चंडीगढ़ के कमिश्नर को भेजा है। इसके साथ ही लक्षद्वीप, दादर नगर हवेली और दमन एंड दीव, जम्मू-कश्मीर, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार के डीजीपी को भी नोटिस भेजा गया है।

देश में करीब 17,130 थाने है

धुर्वा थाना सहित झारखंड और देश में करीब 17,130 थाने हैं, जहां इस नोटिस को संबंधित राज्यों के डीजीपी द्वारा भेज दिया जायेगा। इसके बाद देश के 17,130 थानों की पुलिस अंश और अंशिका की तलाश में जुट गई है। सीआइडी एडीजी ने संबंधित राज्यों के डीजीपी को लापता दोनों भाई और बहन के बारे में पूरी जानकारी दी है। उनके चेहरों के साथ-साथ दोनों किन भाषाओं में बात करते हैं, इसकी भी सूचना दी गयी है। सीआइडी एडीजी की ओर से संबंधित राज्यों के डीजीपी से अनुरोध किया गया है कि अगर किसी थाना क्षेत्र में दोनों बच्चों के बारे कोई जानकारी मिलती है, तो इसकी जानकारी झारखंड पुलिस को दी जाये। लापता बच्चों के बारे में सूचना देनेवाले को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी दी जायेगी।

क्या है ह्यू एंड क्राइ नोटिस

ह्यू एंड क्राइ नोटिस को हिंदी में शोर-शराबा नोटिस कहते हैं। यह नोटिस पुलिस द्वारा किसी अपराधी या गुमशुदा व्यक्ति के बारे में जनता को सूचित करने और मदद मांगने के लिए जारी किया जाता है। इसके साथ ही यह नोटिस तब जारी होता है, जब किसी लापता या अपराधी के बारे में स्थानीय पुलिस को कोई सुराग नहीं मिलता है। जब जांच में दूसरे राज्यों की पुलिस की मदद लेने की संभावना बनती है, तो उस स्थिति में यह नोटिस जारी होता है।

सूचना देनेवाले को 2 लाख का इनाम

बताते चलें कि दोनों मासूम बच्चे दो जनवरी से ही लापता हैं। दोनों घर से बाहर टॉफी खरीदने निकले थे। अब तक पुलिस को इन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। अब पुलिस ने लापता बच्चों का सुराग देने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इधर, बच्चों की गुमशुदगी से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। लोग सड़कों पर उतरने लगे हैं। रविवार को लोगों ने धुर्वा बंद भी कराया था।

Share This Article