पुलिस को मिला मर्डर वेपन, एक युवक हिरासत में, छापेमारी जारी

2 Min Read

रांची। चुटिया थाना क्षेत्र के एक्सट्रीम स्पोर्ट्स बार में हुई हत्या के मामले में पुलिसिया कार्रवाई तेजी से जारी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस बीच बड़ी खबर यह है कि पुलिस ने उस हथियार को जब्त कर लिया है, जिससे फायरिंग की गई।

यह एक अत्याधुनिक रायफल है। फिलहाल पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया है कि ये हथियार कहां से और कैसे बरामद किया गया है।

पुलिस इसे मर्डर वेपन बता रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या की जांच शुरुआत स्तर पर है। हर पहलू के बारे में पता किया जा रहा है।

वहीं एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा के अनुसार एक युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि बार में म्यूजिक चलाने को लेकर विवाद हुआ था। दरअसल, रांची के एक्ट्रीम स्पोर्ट्स बार में 4 से 5 लड़के बैठकर शराब पी रहे थे, तभी DJ संचालक संदीप और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से उनका विवाद हो गया।

हालांकि विवाद को किसी तरह उस वक्त सुलझा लिया गया। नशे में धुत युवक भी वहां से चले गए।

लेकिन बार बंद होने के बाद देर रात करीब एक बजे यही लड़के फिर पहुंच गए। उनमें से एक युवक ने पिस्टल निकाली और डीजे संचालक संदीप के सीने पर गोली चला दी।

हालांकि तब किसी ने यह गौर नहीं किया कि वो हथियार पिस्टल था या रायफल। पुलिस इसे रायफल बता रही है।

गोली चलाने के बाद सभी युवक फरार हो गये। इधर, संदीप को तुरंत रिम्स भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सोमवार सुबह पुलिस की जांच में तेजी आई। बार और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें

गुजरात अग्निकांड मामले में हाईकोर्ट की फटकार..कहा-क्या आप अंधे हो गये हैं..

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं