झारखंड में पीएम मोदी करेंगे सौगातों की बारिश

2 Min Read

रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। मंगलवार को एयरपोर्ट से राजभवन के रास्ते में पीएम मोदी कई जगहों पर रूक कर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन स्वीकार करेंगे। इसके बाद बुधवार को कई परियोजनाओं का तोहफा झारखंड को देंगे।

प्रधानमंत्री मंगलवार की शाम बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची पर पहुंचेंगे। यहां राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनका स्वागत करेंगे। यहां से वह राजभवन जायेंगे। बुधवार को प्रधानमंत्री ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के विकास के उद्देश्य से 24,000 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ की शुरुआत करेंगे, ‘पीएम किसान योजना’ के तहत 18,000 करोड़ रुपये की 15वीं किस्त जारी करेंगे और राज्य में 7,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इससे पहले बुधवार की सुबह, प्रधानमंत्री रांची में भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क-सह-स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय जाएंगे और जिस कमरे में भगवान बिरसा ने अंतिम सांस ली, वहां जाकर नमन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री खूंटी जिले में बिरसा मुंडा के जन्मस्थान उलिहातू गांव जाएंगे।

वहां वह स्वतंत्रता सेनानी को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। मोदी उलिहातू जाने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे। प्रधानमंत्री खूंटी में तीसरे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वह ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ और प्रधानमंत्री पीवीटीजी की शुरुआत करेंगे।

ये तोहफा देंगे पीएम मोदी:

  • IIT-ISM धनबाद का नया कैंपस
  • IEC वैन को हरी झंडी
  • PM-PVTG मिशन की सौगात
  • 24 हजार करोड़ रुपये की सौगात
  • किसान सम्मान निधि की 15वीं किश्त
  • 18 हजार करोड़ रुपये की 15वीं किश्त
  • 8 करोड़ किसान के खाते में सम्मान निधि
  • 72 सौ करोड़ रुपये की विकास योजना
  • महगामा-हंसडीहा NH133 फोरलेन
  • बासुकीनाथ-देवघर NH114A फोरलेन
  • पूरनडीह कोल हैंडलिंग प्लांट
  • IIIT रांची की नई बिल्डिंग
  • IIM रांची का नया कैंपस
Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं