रांची। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर झारखंड में सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 फरवरी को धनबाद आ रहे हैं। पीएम मोदी धनबाद में हर्ल सिंदरी प्लांट का उद्घाटन करेंगे। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री एक दिन पहले ही यानी तीन फरवरी को ही रांची पहुंच जायेंगे।
पीएम मोदी धनबाद में हर्ल सिंदरी प्लांट का उद्घाटन करने के साथ ही बीजेपी की ओर से आयोजित एक रैली को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के झारखंड दौरे को लेकर बीजेपी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सिंदरी स्थित हिन्दुस्तान उर्वरक रसायन लिमिटेड (हर्ल) का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे बलियापुर हवाई पट्टी में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जनसभा में कोडरमा, धनबाद और गिरिडीह के कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सिंदरी हर्ल फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इस मौके पर सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो की पत्नी तारा देवी और विधायक राज सिन्हा भी मौजूद थे।
पीएम मोदी के आगमन को लेकर बीजेपी धनबाद जिला कार्यालय में हुई बैठक में बाबूलाल मरांडी भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर बीजेपी के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के धनबाद कार्यक्रम की सफलता को लेकर सभी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से लग जायें।
इसे भी पढ़ें
क्या जल्द लागू होनेवाला है CAA, क्या कहा इस केंद्रीय मंत्री ने








