पीएम मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

2 Min Read

ओल्‍ड सेंट्रल जेल के उस कमरे में गये, जहां भगवान बिरसा ने ली थी अंतिम सांस

रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड दौरे का आज दूसरा दिन है। आज अपने दिन की शुरुआत उन्‍होंने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की। आज बिरसा मुंडा की जयंती है, जिसे जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस मौके पर पीएम मोदी ओल्ड सेंट्रल जेल में स्थित भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क-सह-स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय पहुंचे। वह उस कमरे में भी गये, जहां भगवान बिरसा ने अंतिम सांस ली थी।  इस मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे।

इसके बाद पीएम मोदी ने ओल्ड सेंट्रल जेल में स्थित भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क-सह-स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय में उनकी 25 फुट ऊंची प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। यही वह जगह है, जहां भारतीय आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी और मुंडा जनजाति के लोक नायक बिरसा ने 9 जून, 1900 को अंतिम सांस ली थी। बता दें कि बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार की सुबह एक्‍स पर इसका जिक्र करते हुए लिखा कि भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। देशभर के मेरे परिवारजनों को इस विशेष अवसर से जुड़े जनजातीय गौरव दिवस की ढेरों शुभकामनाएं।

भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। देशभर के मेरे परिवारजनों को इस विशेष अवसर से जुड़े जनजातीय गौरव दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। यहां के बाद पीएम मोदी आदिवासियों के महानायक बिरसा मुंडा की जन्‍मस्‍थली उलिहातू के लिए रवाना हो गये। उलिहातू पहुंच कर प्रधानमंत्री ने आदिवासी परंपरा के अनुसार भगवान बिरसा को नमन किया। गांव के पाहन ने पीएम मोदी को तिलक लगाया और पूजा करायी।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं