Student protest in Palamu
पलामू। पलामू कचहरी परिसर में छात्रहित सर्वोपरि मंच के नेतृत्व में छात्रों ने छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने मुख्य रूप से फोर्थ ग्रेड बहाली प्रक्रिया को पूरी तरह परीक्षा आधारित करने की मांग की, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिले और किसी भी प्रकार की अनियमियता रोकी जा सके। इसके साथ ही संगठन ने दो वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की भी अपील की, क्योंकि इससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्रहित सर्वोपरि मंच का संकल्प
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार राणा, उपाध्यक्ष आमिर हमज़ा, संगठन प्रभारी कुणाल पोद्दार और सचिव रईस अंसारी ने किया। पलामू जिला में जिला अध्यक्ष दीपू कुमार और जिला सचिव सचिन सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। छात्रहित सर्वोपरि मंच ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। संगठन ने संकल्प व्यक्त किया कि वह हर छात्र की आवाज़ बनकर न्याय, अधिकार और भविष्य के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।







