विपक्षी एकता बैठक कट्टर भ्रष्टाचारियों का सम्मेलन: मोदी

3 Min Read

इनका एक ही एजेंडा- न खाता न बही, जो परिवार कहे वही सही, इनसे सतर्क रहें

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वर्चुअली पोर्ट ब्लेयर के वीर सावरकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया। केंद्रीय एविएशन मिनिस्टर ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया एयरपोर्ट पर मौजूद थे। पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विपक्ष की मीटिंग को कट्टर भ्रष्टाचारी सम्मेलन बताया। साथ ही परिवारवाद पर हमला बोलते हुए कहा कि इनके लिए परिवार पहले देश बाद में। न खाता न बही, जो परिवार कहे वही सही।

बेंगलुरु में हो रही 26 विपक्षी दलों की बैठक को लेकर पीएम ने कहा कि उनकी दुकान में भ्रष्टाचार की गारंटी है। इसमें जेल जाने वालों को खास न्योता भेजा गया है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम ने कुछ लाइनें भी पढ़ी। कहा  कि ये लोग देश के लोकतंत्र और संविधान को अपना बंधक बनाना चाहते हैं। इनके लिए मैं ये ही कहना चाहूंगा कि नफरत है घोटाले हैं, तुष्टीकरण है मन काले हैं, परिवारवाद की आग के दशकों से देश हवाले है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश की जनता ने तय कर लिया है कि हमें 2024 में वापस लाना है। इसलिए जो लोग भारत की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार हैं, उन्होंने अपनी दुकानें खोल ली हैं। 24 के लिए 26 होने वाले राजनीतिक दलों पर यह बड़ा फिट बैठता है। लेबल किसी और चीज का लगा है, लेकिन प्रोडक्ट किसी और का है। इनकी दुकानों पर जातिवाद का जहर और जबरदस्त भ्रष्टाचार की गारंटी है।

विपक्षी एकजुटता को लेकर पीएम ने कहा कि इनका सिर्फ एक एजेंडा है, परिवार बचाओ और भ्रष्टाचार बढ़ाओ। उनके लिए परिवार पहले, देश बाद में है। न खाता न बही, जो परिवार कहे वही सही।लोकतंत्र लोगों का, लोगों द्वारा और लोगों के लिए होता है। लेकिन वंशवादी राजनीतिक दलों के लिए, सबकुछ परिवार का है, परिवार द्वारा है और परिवार के लिए है। देश वंशवादी राजनीति की आग का शिकार है।

पीएम ने विपक्षी दलों के घोटाले को लेकर कहा कि ये जो जमात इकट्ठी हुई है, उनके कुनबे में बड़े से बड़े घोटालों पर, अपराधों पर इनकी जुबान बंद हो जाती है। जब किसी एक राज्य में इनके कुशासन की पोल खुलती है, तो दूसरे राज्यों के ये लोग फौरन उसके बचाव में तर्क देने लगते हैं। पश्चिम बंगाल में हुए पंचायत चुनाव में सरेआम हिंसा हुई, लगातार खून-खराबा हो रहा है, इस पर कोई नहीं बोला।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं