विपक्षी गठबंधन का नाम INDIA

4 Min Read

11 सदस्यीय समन्वय समिति बनेगी, अगली बैठक मुंबई में

बेंगलुरू। विपक्षी एकता की दूसरी बैठक में एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से हटाने की रणनीति बनी। भाजपा को हराने के लिए विपक्ष के 26 दल एक साथ आए हैं। बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम INDIA तय किया गया है। इसका फुल फॉर्म इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस है।

बीजेपी ने लोकतंत्र की एजेंसियों को नष्ट किया: खड़गे

इसका ऐलान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने कहा कि समन्वय के लिए 11 सदस्यों की कमेटी और एक कार्यालय जल्द बनाया जाएगा। इसकी घोषणा मुंबई में होने वाली हमारी अगली बैठक में की जायेगी।

खड़गे ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की सभी एजेंसियों ED, CBI आदि को नष्ट कर दिया है। हमारे बीच राजनीतिक भेद हैं, लेकिन हम देश को बचाने के लिए साथ आए हैं।

इससे पहले हम पटना में मिले थे, जहां 16 पार्टियां मौजूद थीं। आज की बैठक में 26 पार्टियों ने हिस्सा लिया। यह देखकर NDA 36 पार्टियों के साथ बैठक कर रहे हैं। मुझे नहीं पता वो कौन सी पार्टियां हैं। वे रजिस्टर्ड भी हैं या नहीं?

गठबंधन को लीड कौन करेगा, फेस कौन होगा। इस सवाल के जवाब में खड़गे बोले कि हम कोऑर्डिनेशन कमेटी बना रहे हैं। मुंबई की बैठक में ये 11 नाम तय होंगे। आगे की जानकारी तभी मिलेगी।

बीजेपी क्या इंडिया को चैलेंज करेगी: ममता

प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़गे के बाद सबसे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बोलीं। उन्होंने कहा कि BJP क्या INDIA को चैलेंज करेगी।

देश में दलित, हिंदू, मुस्लिम हर किसी की जिंदगी खतरे में है। दिल्ली, बंगाल, मणिपुर हो, सरकार बेचना, सरकार खरीदना यही काम सरकार का है। हमारे गठबंधन का नाम इंडिया है, बीजेपी क्या तुम इंडिया को चैलेंज करोगे?

बीजेपी ने धरती पाताल सब बेच दिया: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 9 साल में केंद्र सरकार ने हर सेक्टर को बर्बाद कर दिया है। इन्होंने एयरपोर्ट, जहाज, आसमान, धरती, पाताल सब बेच दिया। इनकी सरकार से किसान, व्यापारी हर वर्ग दुखी है। देश में जिस तरह नफरत फैलाई जा रही है, उससे देश को बचाने के लिए हम इकट्‌ठा हुए हैं।

देश के लिए ..मैं हूं न: ठाकरे

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे बॉलीवुड अंदाज में बोले। उन्होंने कहा कि हम देश को बताने आए हैं कि मैं हूं ना। देश हमारा परिवार है। हम अपने परिवार को बचाने एकत्र हुए हैं।

NDA और INDIA के बीच लड़ाई: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि आज देश की आवाज को दबाया जा रहा है। INDIA नाम इसीलिए चुना गया, क्योंकि लड़ाई NDA और इंडिया के बीच है, मोदी और इंडिया के बीच में है। आपको पता है कि जब कोई इंडिया के खिलाफ खड़ा होता है तो जीत किसकी होगी।

भारत के विचार पर हमला हो रहा है, ये हमला बीजेपी कर रही है। बेरोजगारी बढ़ रही है, अरबपतियों का फायदा हो रहा है, जो मोदी के करीबी हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं