रांची : जब गांव मजबूत होगा तभी राज्य सशक्त बनेगा। आपकी सरकार ने राज्य के गांवों को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्रामीणों के अनुरूप योजना बनाई है। शनिवार को ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहीं। वे पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी प्रखंड स्थित रोलाडीह पंचायत के हाई स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में बोल रहे थे।
यहां मुख्यमंत्री ने 422 करोड़ 11 लाख रुपये की 137 योजनाओं का शिलान्यास तथा 85 करोड़ 64 लाख रुपये की 94 योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान 81, 332 लाभुकों के बीच 116 करोड़ 42 लाख की परिसम्पत्ति का वितरण हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावित्रीबाई फूले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ परिवार की सभी बेटियों को देने के लिए मंत्रिपरिषद की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए भी सरकार मदद करेगी। सरकार बच्चों को उच्च शिक्षा में आर्थिक सहयोग के लिए बैंक के सहारे नहीं छोड़ेगी। गांव का कनेक्शन शहर से सुगमता से हो, इसके लिए 15 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़क निर्माण का निर्णय लिया गया है।
कुमारडूबी के डिग्री कॉलेज में भाषा के शिक्षक की बहाली के लिए सरकार निर्णय लेगी। मानकी मुंडा द्वारा मानदेय बढ़ाने की मांग की गई है। इस मामले पर भी सरकार की नजर है।
आपकी सरकार सभी के लिए कार्य करेगी। यहां के पर्यटन स्थल को विकसित करने का निर्देश दिया गया है। पर्यटन स्थल विकसित होंगे तो स्थानीय लोगों के बीच प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार का सृजन होगा।







