रांची। रांची पुलिस ने ED के अधिकारियों को समन भेजा है। पुलिस ने यह समन पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की शिकायत के आलोक में भेजा है।
बता दें कि हेमंत सोरेन ने ST-SC थाने में इडी अधिकारियों और कुछ पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इस मामले में ईडी के कुछ अफसरों के साथ-साथ मीडिया संस्थानों को भी नोटिस भेजा गया है।
रांची पुलिस ने ईडी के एसोसिएट डायरेक्ट कपिल राज, असिस्टेंट डायरेक्टर देवव्रत झा, अनुपम कुमार, अमन पटेल को CRPC 41A के तहत नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है।
इसके अलावा दिल्ली एवं रांची के मीडिया संस्थानों को भी नोटिस भेजा गया है। इन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
बता दें कि 29 जनवरी को इन चैनलों ने हेमंत के दिल्ली आवास से ईडी द्वारा BMW कार और 36 लाख कैश बरामदगी की खबर चलाई थी।
इसी बारे में पत्रकारों से खबर का स्त्रोत पूछा गया जाएगा। दिल्ली और रांची स्थित मीडिया संस्थान के पत्रकार को भेजे गए नोटिस में उपस्थित होकर जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
बता दें कि हेमंत सोरेन ने अपनी गिरफ्तारी के कुछ घंटों पहले रांची के एसटी- एससी थाना में आवेदन देकर ईडी के अफसरों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
उन्होंने दर्ज कराये केस में कहा था कि जब वह 30 जनवरी को रांची लौटे तो मीडिया में आई खबरों से जानकारी मिली कि झारखंड भवन और शांति निकेतन स्थित आवास पर उनकी अनुपस्थिति में प्रवर्तन निदेशालय के अफसरों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था।
इसकी वजह से उनके और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई है। स्थानीय मीडिया में जिस तरह से खबरें चलाई जा रही थीं, उससे साफ है कि एक आदिवासी को प्रताड़ित करने के लिए भूमिका बनाई गई है।
इस मामले में उन्होंने कुछ मीडिया हाउस के पत्रकारों को भी आरोपी बनाया है।
इसे भी पढ़ें
हिंदी फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को झारखंड में कर मुक्त किया जाना चाहिए : सीपी राधाकृष्णन









