Vegetables price hike: गैर-मौसमी सब्जियों के बढ़े दाम से आम आदमी परेशान

2 Min Read

Vegetables price hike:

रांची। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में इन दिनों गैर-मौसमी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। भिंडी, करेला, सहजन, कटहल, नेनुआ और परवल जैसी सब्जियां इतनी महंगी हो गई हैं कि आम लोगों की रसोई से धीरे-धीरे गायब होती जा रही हैं। बढ़ती कीमतों ने घरेलू बजट पर सीधा असर डाला है और लोग अब जरूरत के हिसाब से ही सब्जियां खरीद रहे हैं।

जाने कौन सी सब्जी के क्या है दाम?

बाजार में परवल की कीमत 160 से 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि सहजन भी करीब 200 रुपये किलो बिक रहा है। कटहल का भाव 80 से 100 रुपये किलो चल रहा है। व्यापारियों के अनुसार इन सब्जियों की आपूर्ति फिलहाल पश्चिम बंगाल, बिहार और दक्षिण भारत जैसे राज्यों से हो रही है। स्थानीय स्तर पर इनकी खेती मार्च-अप्रैल के आसपास शुरू होगी, जिसके बाद कीमतों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

क्या डेली मार्केट के थोक विक्रेताओं का है कहना?

डेली मार्केट के थोक विक्रेताओं का कहना है कि गैर-मौसमी सब्जियों की सप्लाई कम होने के कारण कीमतों में तेजी आई है। जब तक स्थानीय उत्पादन बाजार में नहीं आता, तब तक दाम ऊंचे बने रहने की संभावना है। हालांकि मौसमी सब्जियां अभी अपेक्षाकृत सस्ती हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल रही है। महंगाई का असर लोगों की खरीदारी पर साफ दिखाई दे रहा है। कई परिवार अब महंगी सब्जियों को हफ्ते में केवल एक-दो बार ही खरीद रहे हैं और सस्ती सब्जियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

किसान संघ का भी कहना है कि स्थानीय फसल आने के बाद ही बाजार में कीमतें स्थिर होंगी। तब तक उपभोक्ताओं को महंगी सब्जियों के बीच संतुलन बनाकर खर्च करना पड़ेगा।

Share This Article