अब जेपीएससी की पीटी में पेपर लीक को लेकर हंगामा

2 Min Read

रांची, एजेंसियां। जेपीएससी सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों में हो रही है। लेकिन, परीक्षा शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया है।

चतरा के एक सेंटर पर छात्र हंगामा कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इस परीक्षा का भी पेपर लीक हो गया है। चतरा के उपेंद्रनाथ वर्मा इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों ने बवाल कर दिया है।

परीक्षा केंद्र प्रबंधन पर छात्र परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र लीक करने का आरोप लगा रहे हैं। पिछले आधे घंटे से इस पर हंगामा हो रहा है। छात्र परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आये हैं और नारेबाजी कर रहे हैं।

छात्रों का आरोप है कि परीक्षा से पूर्व क्लास के बजाय प्रिंसिपल चेंबर में प्रश्न पत्र खोला गया है। हंगामा की सूचना पाकर दलबल के साथ मौके पर पुलिस पहुंच गई है।

मामले में प्रिंसिपल धनेश्वर राम ने कहा कि प्रश्न पत्र कंट्रोल रूम में परीक्षा अवधि के दौरान ही नियमानुसार खोला गया है।

पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है। हंगामा कर रहे छात्रों के आरोपों को उन्होंने निराधार बताया है।

इधर, जेपीएससी ने गड़बड़ी करने वालों एवं अफवाह फैलाने वालों को सतर्क करते हुए कहा है कि ऐसे कृत्य में शामिल व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आयोग के सचिव के अनुसार परीक्षा को लेकर किसी प्रकार की अफवाह व तथ्यविहीन सूचना को लिखना और उसका प्रसारण करना झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाए) अधिनियम के प्रावधान में दंडनीय अपराध है।

इसे भी पढ़ें

फैक्ट्री में लगी आग, 40 झुलसे, कई गंभीर

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं