रांची। जिले के पिठोरिया इलाके में स्थित एक स्कूल के शिक्षक पर छात्राओं के साथ छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। इसकी सूचना मिलने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गये है। वे आरोपी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पिठोरिया थाना का घेराव किया। ग्रामीणों ने अविलंब आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की। यह मामला पिठोरिया स्थित निश्चय मेमोरियल स्कूल का है।
स्कूल के शिक्षक जगन्नाथ मिश्रा पर तीन नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़खानी का आरोप है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल हिरासत में लिये गये शिक्षक से पूछताछ की जा रही है।
इधर, आरोपित शिक्षक को हिरासत में लिये जाने के बाद ही ग्रामीणों ने घेराव समाप्त किया। हालांकि कई ग्रामीण अब भी थाना के सामने ही जमे हुए है।






