अब स्टेट मेरिट से नियुक्त होंगे प्राइमरी और मिडिल टीचर

3 Min Read

रांची। झारखंड में प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय के शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अब राज्यस्तर  पर मेरिट लिस्ट बनेगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने मेरिट लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया में संशोधन किया है। इसमें पहले की नियमावली के कंडिका तीन में बदलाव किया गया है। इस कंडिका में कहा गया था कि अभ्यर्थी जिस विषय / विषय समूह से शिक्षक पात्रता उत्तीर्ण होंगे, उसी विषय/विषय समूह में सहायक आचार्य के नियुक्ति के पात्र होंगे।

जिले के लिए अधिसूचित जनजातीय / क्षेत्रीय भाषा से शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होने पर ही उस जिला विशेष के लिए नियुक्ति के योग्य होंगे। लेकिन अब नयी नियमावली में कहा गया गया है कि अभ्यर्थी जिस विषय / विषय समूह से शिक्षक पात्रता उत्तीर्ण होंगे, उसी विषय / विषय समूह में राज्यस्तरीय मेरिट लिस्ट के आधार पर नियुक्त होंगे। नियुक्ति में जिलावार आरक्षण रोस्टर का पालन किया जायेगा।

कई और बदलाव

प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय में 50 फीसदी आरक्षित सीट के आरक्षण में भी बदलाव किया गया है। पहले सहायक आचार्य नियुक्ति में 50 प्रतिशत पद केंद्र/राज्य प्रायोजित शैक्षणिक योजना के अंतर्गत झारखंड सरकार के नियंत्रणाधीन संविदाकर्मी के लिए आरक्षित किया गया था। लेकिन अब यह आरक्षण केवल सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक) को मिलेगा।  वैसे शिक्षक जिनकी सेवा विज्ञापन जारी करने की तिथि तक लगातार दो वर्ष की हो जायेगी वे आवेदन जमा कर सकेंगे।

बता दें कि नियुक्ति से पहले निर्धारित परीक्षा के अंक में भी बदलाव गया गया है। कक्षा एक से पांच तक में शिक्षक नियुक्ति के लिए पूर्व में 250 अंकों की परीक्षा को बढ़ाकर 300 कर दिया गया है। इसी प्रकार कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा अब 400 अंकों की हो गयी है। पहले यह 350 अंकों का था।

इसके अलावा विषयवार पास करने के प्रावधान में भी आंशिक बदलाव किया गया है। नई नियमावली में कहा गया है कि झारखंड शिक्षा परियोजना अंतर्गत सहायक अध्यापक जिनकी सेवा विज्ञापन प्रकाशन की तिथि को न्यूनतम एवं लगातार दो वर्ष की हो गयी, वे प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ जितने वर्ष उनकी सेवा होगी, उम्र में उतने वर्ष की छूट मिलेगी, पर उम्र सीमा में अधिकतम छूट 58 वर्ष से अधिक नहीं होगी।

पहले जेट लिया जायेगा

कक्षा छह से आठ में भाषा शिक्षकों की नियुक्ति इस वर्ष मार्च में राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित भाषा के अनुरूप होगी। अंग्रेजी व हिंदी के अलावा राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित भाषा में से किसी भी भाषा में स्नातक (प्रतिष्ठा) के रूप में उत्तीर्ण अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

राज्य में कुल 50 हजार प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। दूसरे चरण में 24 हजार नियुक्ति होगी। इससे पहले झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा ली जायेगी।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं