लोकसभा चुनाव के पहले पीएम का झारखंड दौरा है खास
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड दौरे का कार्यक्रम फिर तय हो गया है। अब जो सूचना आई है, उसके मुताबिक प्रधानमंत्री एक मार्च को धनबाद आयेंगे।
इस दौरान वह सिंदरी फर्टीलाइजर का उद्घाटन करने के अलावा झारखंड को कई सौगात भी देंगे। लोकसभा चुनाव के पहले प्रधानमंत्री मोदी इस झारखंड दौरे को काफी खास माना जा रहा है।
बता दें कि इससे पहले तीन बार धनबाद का दौरा टल चुका है। इस दौरे पर पीएम धनबाद और आसपास के जिलों को कई बेशकीमती सौगातें भी देने वाले हैं।
पीएम मोदी का झारखंड का यह दौरा चुनावी रणनीति को लेकर भी महत्वपूर्ण होने वाला है। प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में धनबाद महानगर, ग्रामीण और बोकारो जिला के जिलास्तरीय पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, प्रभारियों, संयोजकों की बैठक होगी।
इस बैठक में सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री का दौरा पिछले तीन बार से अलग अलग कारणों से टलता रहा है।
प्रधानमंत्री एक मार्च को धनबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री सिंदरी फर्टिलाइजर का भी उद्घाटन करेंगे।
बीजेपी की ओर से जो जानकारी दी गई है, उसके अनुसार सुबह साढ़े दस बजे पीएम फर्टीलाइजर का उद्घाटन करेंगे और साढ़े 12 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।
सिंदरी फर्टिलाइजर की सौगात देने से पहले ही पीएम कुछ दिनों पहले यानी 26 फरवरी को रांची रेल मंडल और चक्रधरपुर रेलमंडल के विकास की आधारशिला रखेंगे।
हटिया-बंडामुडा रेलखंड पर कुछ स्टेशनों के सौन्दर्यीकरण के साथ चक्रधरपुर रेलमंडल के 11 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन के तहत 1000 करोड़ की लागत से सौन्दर्यीकरण और विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे।
चक्रधरपुर रेल मंडल पर जिन स्टेशनों का कायाकल्प होना है वे हैं- टाटानगर, बड़ाजामदा, बिमलगढ़, चाईबासा, चक्रधरपुर, डोंगवापोशी, गम्हरिया, जारोली, रायरंगपुर, पानपोश और सिनी स्टेशन।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 40 जगह पर विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी, जिनमें रोड अंडर ब्रिज, रेल ओवर ब्रिज, सब-वे निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें
प्रयागराज में माघी पूर्णिमा पर 18.60 लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई
