Nishikant Dubey
रांची। रांची में ईडी अफसरों के खिलाफ रांची पुलिस की कार्रवाई से गोड्डा के बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे भ़ॉक गये हैं। उन्होंने मामले को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए झारखंड सरकार और सीएम हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की तर्ज पर झारखंड सरकार ने भी रांची स्थित ED कार्यालय को पुलिस के जरिए घेर लिया है। उन्होंने दावा किया कि ED कार्यालय में सीएम हेमंत सोरेन और पुलिस-प्रशासन से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार मामलों से संबंधित महत्वपूर्ण सबूत मौजूद हैं।
सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका
सांसद ने आशंका जताई कि पुलिस कार्रवाई की आड़ में इन अहम सबूतों से छेड़छाड़ की जा सकती है और ईमानदार अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में पहले भी ED के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए हैं और झामुमो-कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जांच एजेंसी पर हमले की कोशिशें हो चुकी हैं।
सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग
निशिकांत दुबे ने कहा कि इस तरह की घटनाएं केंद्रीय जांच एजेंसियों के स्वतंत्र और निष्पक्ष काम में बाधा डालने की कोशिश हैं। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन को चेतावनी देते हुए कहा कि झारखंड को बंगाल नहीं बनने दिया जाएगा और भ्रष्टाचार करने वालों को सजा जरूर मिलेगी। सांसद ने प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय से मांग की है कि रांची स्थित ED कार्यालय की सुरक्षा के लिए तुरंत केंद्रीय बलों की तैनाती की जाए, ताकि जांच एजेंसी अपना काम बिना किसी दबाव के कर सके।







