Nirahua
रांची। झारखंड की राजधानी रांची इन दिनों अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के मानचित्र पर उभरती नजर आ रही है। यहां बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय फिल्म ‘मुर्गा ट्रॉफी’ की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है। फिल्म में भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि निर्देशन की कमान शशि वर्मा ने संभाली है। यह फिल्म न केवल झारखंड की खूबसूरत वादियों को दुनिया के सामने पेश करेगी, बल्कि राज्य को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से भी जोड़ेगी।
निरहुआ का पहला इंटरनेशनल प्रोजेक्ट
मुख्य अभिनेता निरहुआ ने फिल्म को अपने करियर का खास पड़ाव बताया। उन्होंने कहा, “लगभग दो दशकों की अभिनय यात्रा में यह मेरा पहला अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट है। ‘मुर्गा ट्रॉफी’ के जरिए एक लंबे समय से देखा गया सपना पूरा हो रहा है। रांची में शूटिंग करना मेरे लिए गर्व का विषय है।”
रांची की संस्कृति बनेगी फिल्म की पहचान
निर्देशक शशि वर्मा के अनुसार, फिल्म की कहानी में रांची की स्थानीय संस्कृति, जीवनशैली और प्राकृतिक सुंदरता को प्रमुखता से दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का सहयोग और लोकेशनों की विविधता शूटिंग को यादगार बना रही है।
दमदार स्टारकास्ट और तकनीकी टीम
फिल्म में निरहुआ के साथ प्रद्युम्न नायक और बाल कलाकार शौर्य राज भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माता सुजीत उपाध्याय और विजया लक्ष्मी का कहना है कि यह फिल्म झारखंड को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगी।
तकनीकी पक्ष की बात करें तो फिल्म का संगीत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नंदलाला ने तैयार किया है, जबकि बॉलीवुड के जाने-माने प्रोडक्शन डिज़ाइनर प्रभात ठाकुर आर्ट और प्रोडक्शन डिज़ाइन संभाल रहे हैं।
झारखंड के कई शहरों में होगी शूटिंग
पिछले 12 दिनों से फिल्म की शूटिंग बुंडू और आसपास के इलाकों में चल रही है। आने वाले दिनों में टीम जमशेदपुर, टाटा और रांची के अन्य स्थानों पर भी शूटिंग करेगी, ताकि झारखंड की असली आत्मा फिल्म के हर फ्रेम में उभर कर सामने आ सके।








