नक्सलियों के ठिकानों पर NIA का छापा

2 Min Read

बिहार से आयी टीम खंगाल रही दस्तावेज

रांची। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम पलामू में नक्सलियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। 12 सदस्यीय टीम नक्सली अभिजीत यादव और प्रसाद यादव के घर में दस्तावेज खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक बिहार के औरंगाबाद में हुए नक्सल हमले को लेकर दोनों नक्सलियों के घरों पर छापेमारी हुई है। टॉप माओवादी अभिजीत यादव का घर पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के बंधुडीह गांव में है। वहीं, प्रसाद का घर इसी थाना क्षेत्र के बगैया गांव में है। बुधवार की सुबह से ही एनआईए की टीम छापेमारी कर रही है।

बता दें कि बिहार के औरंगाबाद के मदनपुर इलाके में 2015-16 में बड़ी नक्सली घटना घटी थी। जिसमें 10 जवान शहीद हो गये थे। बिहार एनआईए की टीम इसी मामले की जांच कर रही है।

अभिजीत यादव पर 10 लाख, जबकि प्रसाद  पर पांच लाख रुपये का इनाम है। चार महीने पहले बिहार के गया से एसटीएफ ने अभिजीत यादव को गिरफ्तार किया था। पांच महीने पहले पलामू पुलिस ने प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया था।

अभिजीत यादव के खिलाफ यूएपीए की धाराओं में ईडी ने भी पहले कार्रवाई की है और उसके करोड़ों की संपत्ति को जब्त किया है। अभिजीत यादव माओवादियों का जोनल कमांडर था।

गिरफ्तारी से पहले माओवादियों ने उसे स्टेट एरिया कमेटी का सदस्य बनाया था। जबकि प्रसाद सब जोनल कमांडर था।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं