Ranchi Lucknow train
रांची। झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेल मंत्रालय ने पुरुलिया से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) तक नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन रांची, डाल्टनगंज (पलामू), अयोध्या धाम और लखनऊ होते हुए आनंद विहार तक जाएगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पलामू सांसद विष्णुदयाल राम को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। पलामू को लखनऊ से सीधी रेल सेवा से जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सांसद ने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया था और रेल मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की जरूरतों से अवगत कराया था, जिसके बाद इस ट्रेन को स्वीकृति मिली।
कहा से कहा तक चलेगी ट्रेन?
घोषित रूट के अनुसार ट्रेन रांची-लोहरदगा-टोरी मार्ग से अयोध्या धाम और लखनऊ होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी। सप्ताह में एक दिन संचालित होने वाली यह सेवा पलामू और आसपास के जिलों के यात्रियों के लिए सीधा लाभकारी होगी।
इस ट्रेन से लखनऊ स्थित पीजीआई में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को सुविधा मिलेगी। साथ ही अयोध्या धाम और वाराणसी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी। ट्रेन के परिचालन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
