Ghatshila by-election:
रांची। एनडीए एकजुट होकर घाटशिला उपचुनाव लड़ेगा। एनडीए घटक दलों की बैठक में इसका संकल्प लिया गया है। 11 नवंबर को होने वाले घाटशिला उपचुनाव में एनडीए की रणनीति साफ है कि चुनाव में एकजुट रहकर अपने प्रत्याशी को विजयी बनाना है।
ये होंगे चुनावी मुद्देः
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। विधानसभा क्षेत्र की जनता हेमंत सरकार की वादा खिलाफी से तंग आ चुकी है। पिछले छह वर्षों में राज्य का विकास ठप हो चुका है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार पार्ट टू का भी लगभग एक वर्ष पूर्ण होने को है, लेकिन जनता को केवल लूट, भ्रष्टाचार, दलाली, माफियागिरी ही देखने को मिल रही है।
बालू, पत्थर, जमीन की लूट मची है। आम आदमी सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। राज्य के युवा नौकरी की प्रतीक्षा करते-करते थक चुके हैं। वेकेंसी निकल नहीं रही, जो निकल रही वह बेंच दी जा रही है। एनडीए राज्य सरकार के खिलाफ इन मुद्दों के साथ जनता के बीच जायेगा। जनता का मिजाज राज्य सरकार को सबक सिखाने का हो चुका है।
राज्य सरकार की नाकामी ही मुद्दाः सुदेश महतो
आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए पूरी तरह से एकजुट होकर घाटशिला उपचुनाव में अपनी ताकत लगायेगा। राज्य सरकार की हर मोर्चे पर नाकामी ही सबसे बड़ा मुद्दा है। एनडीए जनता से भ्रष्ट निकम्मी सरकार से झारखंड को बचाने का आग्रह करेगा। हेमंत सरकार से जनता की नाराजगी चुनाव परिणाम में दिखेगी।
निर्णय को परिणाम में बदलेंगेः खीरू महतो
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो ने कहा कि एनडीए के घटक दलों ने बैठक में जो निर्णय लिया है उसे परिणाम में बदलेंगे। घाटशिला उपचुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित है।
पिछले चुनाव में भी एनडीए प्रत्याशी की स्थिति अच्छी थीः वीरेंद्र प्रधान
लोजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने कहा कि आम चुनाव में भी घाटशिला के एनडीए प्रत्याशी की स्थिति अच्छी रही थी। इस बार जनता पिछली कमियों को दूर कर एनडीए प्रत्याशी को जीत दिलायेगी।
इसे भी पढ़ें
Ghatshila by-election: घाटशिला उपचुनाव के लिए 13 अक्टूबर से नामांकन, शेड्यूल जारी








