Police Headquarters:
रांची। माओवादियों ने 3 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है, जिसे देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों के एसपी को अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया गया है। पुलिस मुख्यालय आइजी अभियान माइकलराज एस ने एक रिपोर्ट तैयार कर संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
शहीद सप्ताह मना रहे नक्सलीः
माओवादी 20 जुलाई से 3 अगस्त तक लुगुबुरू पहाड़ सहित विभिन्न स्थानों पर “शहीद सप्ताह” मना रहे हैं। इस दौरान वे मारे गए नक्सलियों की स्मृति में सभाएं और कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
इन राज्यों में बंद का आह्वानः
3 अगस्त को झारखंड के अलावा बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और असम में भी बंद का ऐलान किया गया है। पुलिस रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि बंद के दौरान माओवादी सुरक्षाबलों को निशाना बना सकते हैं। पुल-पुलिया, रेलवे ट्रैक, थाना, पिकेट, सरकारी प्रतिष्ठान, रेलवे साइडिंग और आम जनता के वाहन इनके निशाने पर हो सकते हैं। इसे देखते हुए सभी पुलिस पोस्ट और पिकेट को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही सुरक्षा बलों को केवल अभियान से जुड़ी गतिविधियों के लिए ही मूवमेंट करने की अनुमति दी गई है। अनावश्यक या असुरक्षित मूवमेंट से बचने के सख्त निर्देश हैं।
नक्सल प्रभावी जिलों में विशेष सतर्कता के निर्देशः
राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी संभावित हमले को रोका जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थित पुलिस पिकेट और कैंप में प्रतिनियुक्त बलों की समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बल की तैनाती करने का भी निर्देश दिया गया है। संवेदनशील इलाके में सड़कों पर चलने वाले वाहन और रेल मार्ग सहित अन्य स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
इसे भी पढ़ें
Naxalites destroyed in Chaibasa: चाईबासा में नक्सलियों के 14 IED और देशी हैंड ग्रेनेड किए गए नष्ट








