Naxalite Raja Hemant Asur: लोहरदगा का एक लाख इनामी नक्सली राजा हेमंत असुर गिरफ्तार

3 Min Read

Naxalite Raja Hemant Asur:

लोहरदगा। जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भाकपा माओवादी संगठन से जुड़े एक लाख रुपए के इनामी नक्सली राजा हेमंत असुर उर्फ राजन उर्फ राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार नक्सली प्रतिबंधित संगठन के रीजनल कमांडर और 15 लाख के इनामी माओवादी रविंद्र गंजू के दस्ता से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। कई वर्षों से फरार चल रहे इस कुख्यात नक्सली की तलाश पुलिस को लंबे समय से थी।

गुप्त सूचना पर संचालित हुआ अभियान:

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने जानकारी दी कि, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन का सक्रिय सदस्य राजा हेमंत असुर इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी अभियान चलाया गया। इस टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वेदांत शंकर, पुलिस निरीक्षक, 32 BHR, सशस्त्र सीमा बल अधिकारी मनीष कुमार चौबे और कुरु थाना प्रभारी अजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूछताछ में उजागर हुई पहचान:

छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम रंजीत बताया, लेकिन तलाशी में एक देसी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह राजा हेमंत असुर ही है। यह वही नक्सली है जो वर्षों से पुलिस की नजरों से बचता फिर रहा था।

20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज:

गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कई नक्सली हमलों, विस्फोटक गतिविधियों और दस्ता संचालन में शामिल रहा है। कुडू थाना सहित कई थानों में उसके खिलाफ पुराने मामले लंबित हैं। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ नई प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

खुलासों की उम्मीद:

पुलिस का मानना है कि राजा हेमंत असुर की गिरफ्तारी से नक्सली नेटवर्क पर बड़ी चोट पड़ेगी। जांच टीम को उम्मीद है कि पूछताछ से वह दस्ता सदस्यों, छिपे ठिकानों और भविष्य की नक्सली योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दे सकता है। पुलिस इसे माओवादी विरोधी अभियान में एक बड़ी उपलब्धि मान रही है।

Share This Article