Navy Chief visit Rajrappa Temple
रामगढ़। भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर पहुंचकर मां छिन्नमस्तिके के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और जवानों के लिए आशीर्वाद मांगा। पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत और सक्षम हाथों में है। उन्होंने सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि भारत की ओर बुरी नजर रखने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे नौसेना प्रमुख
एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी गुरुवार शाम रांची दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। उनके आगमन को लेकर रजरप्पा मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने मां छिन्नमस्तिके के चरणों में शीश झुकाकर पूजा की।
रजरप्पा मंदिर में मिलता है आत्मिक सुकून: नौसेना प्रमुख
पूजा-अर्चना के बाद नौसेना प्रमुख ने कहा कि रजरप्पा मंदिर में जो आत्मिक शांति और सुकून मिलता है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “मां ने चाहा तो मैं फिर यहां आऊंगा। मां के दरबार में आकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।” देश की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए नौसेना प्रमुख ने बताया कि भारत की भौगोलिक संरचना का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा जल क्षेत्र से जुड़ा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां-जहां भारतीय नौसेना तैनात है, वहां पूरी सतर्कता और मजबूती के साथ निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत हर तरह की चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और मां छिन्नमस्तिके से देश के जवानों के लिए साहस, संयम और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।







