मेदिनीनगर। राज्य के जाने माने राजनीतिज्ञ और पूर्व सांसद इंदरसिंह नामधारी ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा है कि हेमंत सोरेन के जेल जाने से झारखंड के लोग नाराज हैं और इससे बीजेपी की मुश्किल बढ़ सकती है।
नामधारी ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में देशभर में बीजेपी के खिलाफ माहौल रहेगा।
वहीं झारखंड के 14 लोकसभा सीट में बीजेपी अगर आधी सीट पर भी जीत दर्ज कर लेती है तो पार्टी के लिए ये बड़ी बात होगी।
झारखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि हेमंत सोरेन को जेल भेजने से लोगों में बीजेपी के प्रति काफी गुस्सा है, जो लोकसभा चुनाव में परिणाम के रूप में दिखेगा।
बीजेपी ने भले ही डैमेज कंट्रोल करने के लिए सीता सोरेन को अपने पाले में कर लिया है, लेकिन इसका कोई असर नहीं दिखेगा।
नामधारी ने कहा कि झारखंड में बीजेपी को कड़ी टक्कर मिलेगी। विपक्ष इस बार एनडीए से अधिक सीटें जीतने में कामयाब होगा। पीएम मोदी लाख कोशिश कर लें, उन्हें उम्मीद अनुसार सफलता नहीं मिलेगी।
इंदर सिंह नामधारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने झारखंड को काफी लंबा वक्त दिया है।
इंडिया गठबंधन इसका पूरे तरीके से सदुपयोग कर रही है। इंडी गठबंधन काफी गंभीरता से अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर रहा है।
राजनीति का स्तर काफी बदल रहा है। कोई कभी भी आसानी से एक दल को छोड़ कर अपने मन मुताबिक दूसरे दल में चला जा रहा है।
इससे साफ दिख रहा है कि नीति- सिद्धांत के बदले लोग सत्ता सुख की ओर अधिक लालायित हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें
कांग्रेस को एक और झटका, आयकर विभाग ने जारी किया 1700 करोड़ का डिमांड नोटिस









