10 लाख के ईनामी नक्सली छोटेलाल यादव की हत्या

2 Min Read

गढ़वा। 10 लाख के ईनामी नक्सली छोटेलाल यादव की हत्या हो गई है। उसका शव गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के भंवराहा जंगल में मिला है। वह जेजेएमपी का एरिया कमांडर था। जंगल में लकड़ी चुनने गई महिलाओं ने उसका शव देखा। फिर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

मृतक परिजनों ने छोटेलाल का शव होने की पुष्टि की। छोटेलाल पर विभिन्न थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। एसपी दीपक कुमार पांडेय ने कहा कि वारदात को किसने अंजाम दिया, इसकी जांच चल रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उग्रवादी की हत्या गर्दन में रस्सी बांधकर की गई है। उसकी गर्दन में रस्सी बंधे होने के निशान मिले हैं।

छोटेलाल की पत्नी ने बताया कि वह 2021 में जेल से निकलने के बाद घर में रह रहा था। उसके बाद अप्रैल 2022 में घर से निकला तो फिर नहीं लौटा। परिजनों से मोबाइल से बात करता था। दो महीने से बात भी नहीं हुई थी। उसकी तीन बेटी और दो बेटे हैं।

बता दें कि कुछ दिन पहले पलामू के पांकी थाना क्षेत्र में जेजेएमपी के 5 लाख के इनामी नक्सली गणेश  लोहरा और संतोष यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में छोटेलाल यादव और टुनेश उरांव का नाम सामने आया था। गणेश और संतोष की हत्या करने के बाद छोटेलाल यादव और टुनेश उरांव एके-47 सहित कई आधुनिक हथियार लेकर गढ़वा के इलाके में भाग गये थे। जानकारी के अनुसार गढ़वा और पलामू के सीमावर्ती इलाके में छोटेलाल एक नया संगठन खड़ा करना चाहता था। लोग कयास लगा रहे हैं कि उसकी हत्या की एक वजह ये भी हो सकती है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं