देवघर। देवघर जिले से बड़ी खबर आ रही है। देवीपुर थाना क्षेत्र के 50 से अधिक बच्चे गोलगप्पा और चाट खाने से बीमार हो गए हैं।
बांगोड़ा, कटगरी और हुसैनाबाद सहित आस पास के गांव के गोलगप्पा और चाट खाने के बाद 50 से अधिक बच्चे फ़ूड पॉइज़निंग के शिकार हुए हैं।
तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर सभी बच्चों को देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है।
कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी परिजनों को होते ही आनन-फानन में सभी बच्चों को 108 एम्बुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया है।
सभी बच्चों को एडमिट कर लिया गया है। इधर मामले की जानकारी मिलते ही बीजेपी के गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी सदर अस्पताल पहुंच गये हैं।
उन्होंने एक-एक बच्चे का हालचाल लिया और डॉक्टरों को इलाज के प्रति आवश्यक निर्देश दिया। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बच्चों ने गांव में ही ठेले पर चाट और गोलगप्पा खाया था।
खाने के बाद से ही उनके पेट में दर्द उठने लगा। फिर उल्टियां शुरू हो गई। इतना ही नहीं, की वयस्क लोगों ने भी उक्त ठेले वाले से चाट और गोलगप्पा खाया था।
वे सभी भी बीमार पड़ गये हैं। सभी को फूड प्वाइजनिंग हुई है। इधर गोड्डा सांसद ने बच्चों से मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए कहा है कि सभी का इलाज अलर्ट मोड में किया जा रहा है।
उन्होंने बच्चों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें ढाढस बंधाया है।
इसे भी पढ़ें
सदर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, DSP के रीडर और ASI के खिलाफ रिश्वतखोरी की जांच








