रांची : कांग्रेस के राज्य सभा सांसद धीरज साहू के विभिन्न ठिकानों पर आईटी की छापेमारी में बरामद लगभग 300 करोड़ की नकद राशि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हैं। इस मामले में धीरज साहू को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। वहीं ईडी को इस मामले को टेकओवर कर धीरज साहू से कड़ाई से पूछताछ करनी चाहिए। शुक्रवार को ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहीं। वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि इसके तार छत्तीसगढ़ और झारखंड से जुड़े हैं। ये पैसा गरीबों की गाढ़ी कमाई और शराब घोटाले का है जिसके संकलन कर्ता भी झारखंड के हैं। ये पैसे चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए रखे गए थे ऐसी संभावना है। श्री मरांडी ने कहा कि मुझे आशंका है कि झारखंड में ईडी के छापे के बाद रातों रात उड़ीसा बंगाल, बिहार की तरफ एंबुलेंस में ढोकर पैसे ले जाने की बात चर्चा में आई थी। इतने बड़े रकम की बरामदगी के बाद आज भी यह चर्चा हो रही है।
उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी झारखंड में हुए ईडी की कारवाई में करोड़ों रुपए बरामद हुए हैं। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि लूट के पैसे से सोना खरीद कर जमीन में गाड़ दिया गया या फिर छुपाया गया। उन्होंने कहा कि जांच जैसे-जैसे तेज होगी सच सामने आएगा। उन्होंने कहा कि गरीबों को लूटकर पैसा जमा करने वालों से पाई-पाई निकलवाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है। झारखंड का लूटा हुआ पैसा जनता को लौटाना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा जनता के पैसे की हो रही लूट को बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी सदन से सड़क तक इस मुद्दे को उठाते हुए लगातार संघर्ष करेगी। श्री मरांडी ने कहा कि सभी जिलों में सांसद धीरज साहू की गिरफ्तारी की मांग सहित झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ 10 दिसंबर को भाजपा धरना और प्रदर्शन करेगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक तथा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव उपस्थित थे।







