नई दिल्ली। संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा। 11 अगस्त 2023 तक नए संसद भवन में बैठकें होंगी। पुरानी संसद के बगल में बने नए भवन में पहली बार सांसद बैठेंगे। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ट्वीट कर कहा कि संसद का मॉनसून सत्र आगामी 20 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा। 23 दिन तक चलने वाले इस सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी।
उन्होंने सभी पार्टियों से सत्र के दौरान संसद के विधायी और अन्य कामकाज में रचनात्मक योगदान देने की अपील की।’ बताया जा रहा है कि शुरुआत में बैठक पुराने संसद भवन में हो सकती हैं। बाद में नये भवन में सत्र चल सकता है। संसद के नये भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मई को किया था।
आगामी सत्र में सरकार ‘राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) अध्यादेश’ की जगह लेने के लिए विधेयक ला सकती है, जो सेवा मामलों में दिल्ली सरकार को विधायी एवं प्रशासनिक नियंत्रण देने वाले उच्चतम न्यायालय के फैसले को निष्प्रभावी कर देगा।
सरकार विधेयक को जल्द पारित कराने का प्रयास करेगी। राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (एनआरएफ) विधेयक को भी संसद में पेश किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले महीने एनआरएफ की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।







