झारखंड की महिलाओं के खाते में इस दिन आयेंगे पैसें, सीएम पाकुड़ से करेंगे योजना की शुरुआत [Money will come into the accounts of women of Jharkhand on this day, CM will start the scheme from Pakur]

4 Min Read

रांची। झारखंड की महिलाओं के लिए खुशखबरी है। महिलाएं 18 अगस्त को अपना बैंक खाता चेक करें। बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है।

दरअसल, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रक्षाबंधन से एक दिन पहले 18 अगस्त को पाकुड़ जिले में बहन-बेटियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से एक हज़ार रुपए की सम्मान राशि भेजकर झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का शुभारंभ करेंगे।

इसे लेकर मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ इस योजना की विस्तृत समीक्षा की और निर्देश दिए।

स्वीकृत आवेदनों की विस्तृत समीक्षा हुई

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी सचिव विप्रा भाल और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के डीसी के साथ बैठक कर इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए विशेष शिविरों में मिल रहे आवेदनों और अब तक स्वीकृत आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की।

एसएमएस से महिला लाभुकों को मिलेगी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए जो महिलाएं आवेदन कर रहीं हैं, उनके आवेदन की प्राप्ति एवं स्वीकृति के साथ चयनित लाभुकों को उनके बैंक खाते में सम्मान राशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी एसएमएस के माध्यम से दें, ताकि उनको यह पता चल सके कि राज्य सरकार द्वारा झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सम्मान राशि उनके बैंक खाते में डाली जा चुकी है। उन्हें साइबर अपराध से बचाने को लेकर एसएमएस के माध्यम से जागरुकता संदेश भी भेजें।

राशि जारी करने की तारीख तय रहेगी

मुख्यमंत्री ने महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के खाते में हर महीने की एक निश्चित तारीख तक सम्मान राशि हस्तांतरित करना सुनिश्चित करें।

सम्मान राशि हस्तांतरित करने में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए। महिला लाभुकों के खाते में हर महीने इस योजना की सम्मान राशि हस्तांतरित होनी चाहिए। इसकी तिथि भी तय होनी चाहिए।

55 प्रतिशत से ज्यादा आवेदनों को मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए चल रहे विशेष शिविरों में अब तक 36 लाख 69 हज़ार 378 महिलाओं के आवेदन मिल चुके हैं। इनमें 20 लाख 37 हज़ार 754 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवेदन लेने की प्रक्रिया में अभी भी जो त्रुटियां आ रही हैं, उसे अविलंब दूर करें, ताकि इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन देने से कोई भी पात्र महिला वंचित नहीं रहे।

18 अगस्त लगाये जायेंगे विशेष शिविर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के लिए महिलाओं से आवेदन लेने के लिए विशेष शिविर को 18 अगस्त तक जारी रखें।

उन्होंने यह भी कहा कि यह सतत चलने वाली एक योजना है। इसके तहत जो भी योग्य लाभुक होंगी, वे कभी भी प्रज्ञा केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन जमा करने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहेगी।

इसे भी पढ़ें

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की पहली किस्त रक्षा बंधन के दिन होगी जारी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं