जामताड़ा, एजेंसियां। बराकर नदी पर बनने वाले बीरगांव-बरबेंदिया घाट के बीच बरबेंदिया पुल के शिलान्यास से पहले ही कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी भड़क गये हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन और आयोजकों को देख लेने की धमकी तक दे दी है। बता दें कि बरबेंदिया पुल का शिलान्यास मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन आज दोपहर करने वाले हैं।
इसके लिए थोड़ी देर में ही मुख्यमंत्री यहां पहुंचने वाले हैं। यह पुल जामताड़ा और धनबाद को जोड़ेगा।
इस कार्यक्रम को लेकर अखबारों में विज्ञापन दिया गया है। लेकिन विज्ञापन में जामताड़ा से कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी का नाम नहीं है। इसे लेकर विधायक इरफान नाराज हो गये हैं।
उन्होंने कहा है कि यह महागठबंधन धर्म का पालन नहीं हो रहा है। इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट शेयर कर पीड़ा व्यक्त की है।
उन्होंने लिखा है कि मुख्यमंत्री चंपई सोरेन जी आज मैं आपका सम्मान करता हूं, लेकिन जिस प्रकार बरबेंदिया पुल के शिलान्यास कार्यक्रम के विज्ञापन सभी अखबार में दिये गये और इसमे मेरा नाम नहीं दिया गया ,वो सरासर गलत है और जानबूझकर मुझे अपमानित किया गया है।
इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करूंगा। सम्मान के साथ समझौता नहीं कर सकता। हमारे क्षेत्र की योजना और मेरा ही नाम नहीं।
अखबार देखकर खुद ही आकलन कर ले। क्या महागठबंधन धर्म का यही पालन हो रहा है?
बता दें कि बराकर नदी पर बीरगांव-बरबेंदिया घाट के बीच 263 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बरबेंदिया पुल का शिलान्यास आज मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन करेंगे।
इसे लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है। यह पुल जामताड़ा को धनबाद से जोड़ेगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी हो चुकी है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। पुल निर्माण कार्य के शिलान्यास समारोह के बाद मुख्यमंत्री वीरगांव में एक सभा को संबोधित करेंगे।
जहां पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है।
इसे भी पढ़ें









