Children missing from Dhurwa:
रांची। राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए दो नाबालिग बच्चों का तीन दिन बीत जाने के बाद भी अब तक पता नहीं चल पाया है। आपको बता दें बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए पिता सुनील कुमार राय ने जानकारी देने वाले को 51 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।
लापता बच्चों का स्थायी पता
लापता बच्चों में लड़के का नाम अंश कुमार राय और लड़की का नाम अंशिका कुमारी है। दोनों बच्चे 2 जनवरी 2026 को धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए थे। परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, बच्चों का वर्तमान पता मल्लार कोचा, जगन्नाथपुर मंदिर के पास, थाना धुर्वा, जिला रांची है, जबकि उनका स्थायी पता ग्राम हल्दी, छपरा बदल टोला, थाना मनेर, जिला पटना, बिहार बताया गया है। बच्चों के लापता होने के बाद से अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
आसपास के इलाकों में तलाशी तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया है। आसपास के इलाकों में तलाश की जा रही है और संभावित स्थानों पर सूचना भेजी गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को दोनों बच्चे कहीं दिखाई दें या उनके बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचित करें।







