Mercedes car accident Ranchi
रांची। रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र चौक के पास रविवार को एक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, एक मर्सिडीज कार ने पहले सड़क पर जा रही एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जब वाहन रोकने की कोशिश की, तो चालक पर आरोप है कि उसने एक युवक पर भी गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक
बताया जा रहा है कि कार चला रहे व्यक्ति की पहचान झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता मनोज टंडन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला को टक्कर लगने के बाद जब लोगों ने विरोध किया, तो चालक ने वाहन आगे बढ़ाने की कोशिश की। कुछ लोगों का दावा है कि युवक को कार के बोनट पर बैठाकर कुछ दूरी तक ले जाया गया और बाद में उसके साथ मारपीट भी की गई।
आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो समेत सभी पहलुओं को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।












