78 साल की उम्र में निधन, बॉर्डर पर की थी रामलीला
मुंबई। महाभारत में शकुनि का किरदार निभाने वाले गूफी पेंटल का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे 78 साल के थे। पेंटल पिछले 8 दिनों से मुंबई के अंधेरी स्थित अस्पताल में भर्ती थे। गूफी को दिल और किडनी संबंधी बीमारी थी। गूफी के भतीजे, हितेन पेंटल और महाभारत में उनके साथी कलाकार सुरेंद्र पाल ने निधन की पुष्टि की है। शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
एक हफ्ते पहले गूफी की तबीयत बिगड़ी थी। उस वक्त वे फरीदाबाद में थे। पहले उन्हें फरीदाबाद के एक हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। फिर कंडीशन खराब होने पर उन्हें मुंबई लाया गया।
महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले एक्टर फिरोज खान ने कहा, गूफी को पिछले दो दिनों से होश नहीं था। वे ICU में थे। महाभारत में उन्हें गूफी की वजह से ही काम मिला था। उन्होंने ही अर्जुन के किरदार के लिए मेरा ऑडिशन कराया था। मैं इसके लिए हमेशा गूफी का शुक्रगुजार रहूंगा।
बता दें कि फिरोज ने अर्जुन का किरदार निभाने के बाद अपना नाम फिरोज से अर्जुन रख लिया था। आज वे अर्जुन के नाम से ही जाने जाते हैं।
फिल्म रफू चक्कर से डेब्यू किया
गूफी ने 1975 में ‘रफू चक्कर’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। 80 के दशक में वे कई फिल्मों और टीवी शोज में नजर आए। हालांकि, गूफी को असल पहचान 1988 में बीआर चोपड़ा के सुपरहिट शो ‘महाभारत’ से मिली थी। शो में उन्होंने शकुनि का किरदार निभाया था। गूफी आखिरी बार स्टार भारत के शो ‘जय कन्हैया लाल की’ में नजर आए थे।
एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले गुफी पेंटल आर्मी में थे। 1962 में भारत-चीन के बीच जब युद्ध चल रहा था, तब वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। युद्ध के दौरान भी उन्होंने आर्मी ज्वाइन कर लिया। उनकी पहली पोस्टिंग चीन बॉर्डर पर आर्मी आर्टिलरी में हुई थी। बॉर्डर पर मनोरंजन के लिए टीवी और रेडियो नहीं होता था इसलिए वे बॉर्डर पर रामलीला करते थे। रामलीला में वह सीता का रोल करते थे। रावण बना शख्स स्कूटर पर उनका अपहरण करता था।







