रांची : भाजपा के प्रदेश महामंत्री और मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा ने शनिवार को राज्य में बढ़ते लव जिहाद,धर्मांतरण और गो तस्करी के मामलों में राज्य सरकार पर हमला बोला। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने में लगी है। जबसे हेमंत सरकार बनी है पूरे प्रदेश में आंतरिक विधि-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है।
हाल में ही पाकुड़ जिले में धर्मांतरण की घटी घटना का उल्लेख करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि पाकुड़ जिला में पहाड़िया जनजाति के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। जहां समुदाय विशेष के लोगों के द्वारा लगातार पहाड़िया बेटियों ,पुरुषों को जबरन धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले दिनों पहाड़िया बेटी रुबिका की हत्या भी की जा चुकी है। पाकुड़ के रामचंद्रपुर के रहनेवाले रिनॉय पहाड़िया के साथ हुए वारदात की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सायनारा खातून नाम की महिला ने रिनॉय पहाड़िया के साथ योजनाबद्ध तरीके से दोस्ती की और पहाड़िया रीति से शादी का प्रस्ताव दिया।
शादी की स्वीकृति के बाद सायनारा खातून ने उसपर धर्मांतरण का दबाव डाला,निकाह के लिए गलत तरीके दबाव डाला और फिर शपथ पत्र पर हस्ताक्षर भी कराए। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं विरोध करने पर रिनॉय पहाड़िया को जबरन प्रतिबंधित मांस खाने का दबाव डालते हुए मारपीट भी की गई।रिनॉय द्वारा जब थाना में इसकी शिकायत की जाती है तो उसे डांटकर भगा दिया जाता है। और जब उसके बाद रिनॉय एसपी पाकुड़ से शिकायत करते हैं तो आज तक कोई कारवाई नहीं होती है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि धर्मांतरण कराने वाले तत्वों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
वर्मा ने कहा कि आदिवासी की पहचान अस्तित्व उनके धर्म और संस्कृति से जुड़ा है लेकिन आज राज्य में जबरन धर्मांतरण को रोकने केलिए कठोर कानून के होते हुए भी हेमंत सरकार कोई कार्रवाई नही करती है। उन्होंने कहा कि आज संथाल परगना के साहेबगंज,पाकुड़,आदि जिलों की स्थिति भयावह है। समुदाय विशेष के लोगों द्वारा दूसरी,तीसरी पत्नी बनाकर आदिवासी लड़कियों की जमीन हड़प कर उनकी हत्या की जा रही है। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक,प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह,सह मीडिया प्रभारी तारिक इमरान भी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें– मोदी सरकार के 10 वर्षों में प्रत्यक्ष कर संग्रह तीन गुना होकर 19 लाख करोड़ से अधिक होने की संभावना
इसे भी पढ़ें– नीतीश कुमार फिर बने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष








