रांची। झारखंड में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू होगी।
पहले चरण के लिए 18 अप्रैल से प्रदेश के चार लोकसभा क्षेत्रों सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू में नामांकन पत्र भरे जा रहे हैं।
नामांकन की यह प्रक्रिया गुरुवार को खत्म होगी। अगले दिन शुक्रवार को दूसरे चरण के नामांकन के लिए भारत निर्वाचन आयोग अधिसूचना जारी करेगा।
शुक्रवार से ही चतरा, हजारीबाग और कोडरमा में नामांकन भरने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इन तीनों सीटों पर 3 मई तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
अगले दिन 4 मई को नामांकन पत्र की जांच होगी। छह मई को नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि है।
इन लोकसभा क्षेत्रों में मतदान 20 मई को होगा, जबकि मतगणना एक साथ देशभर में चार जून को होगी।
पहले चरण में सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू के लिए चल रहा नामांकन 25 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा।
झारखंड में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान
झारखंड के सभी मतदान केंद्रों पर इस बार सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण राज्य गठन के बाद से अबतक सुबह 7 बजे से लेकर अपराह्न 3 बजे तक मतदान होता था।
कुछ विशेष सुरक्षित क्षेत्रों में ही शाम 5 बजे तक वोट डाले जाते थे, पर इस बार लोकसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी।
निर्वाचन आयोग को विश्वास है कि इससे मतदान प्रतिशत बढ़ेगा।
इसे भी पढ़ें









