Lok Bhavan garden
रांची। राजभवन, अब बदला हुआ नाम लोक भवन का उद्यान आम लोगों के लिए खुल गया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दो फरवरी को उद्यान को आम नागरिकों के भ्रमण एवं परिदर्शन के लिए शुभारंभ किया। राज्यपाल खुद पूरे उद्यान का परिभ्रमण कर उसमें लगे विभिन्न प्रजातियों के एक से बढ़ कर एक पेड़ और पौधों का अवलोकन भी किया।
100 से अधिक प्रजातियों के गुलाब
उद्यान में 100 से अधिक प्रजातियों के गुलाब हैं। अलग अलग रंग और आकार के गुलाब मन को मोहते हैं। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि वे स्वयं आगंतुकों से संवाद कर उद्यान को और बेहतर बनाने कोशिश करेंगे। राज्यपाल के साथ राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (नेशनल डिफेन्स कॉलेज) के प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने लोक भवन के उद्यान का भ्रमण किया।
हर साल बसंत में खुलता है उद्यान
हर साल जनवरी के अंत और फरवरी में लोक भवन का उद्यान आम लोगों के लिए खोला जाता है। रांची और झारखंड के आम नागरिक लगभग एक सप्ताह तक उद्यान का भ्रमण कर उसका आनंद लेते हैं। राजधानी के विभिन्न स्कूलों के हजारों बच्चे प्रतिदिन उद्यान का अवलोकन करते हैं। रांची के लोग उद्यान खुलने का इंतजार करते हैं।
राष्ट्रपति भवन भी खोला जाता बै आम लोगों के लिए
लोक भवन की तरह दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान भी प्रति वर्ष आम लोगों के लिए खोला जाता है। इस वर्ष भी 3 फरवरी से 31 मार्च, 2026 तक अमृत उद्यान को आम जनता के लिए खोला गया है। लोक भवन का उद्यान आम लोगों के लिए खोले जाने को लेकर रांची जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। लोक भवन के प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।
8 फरवरी तक ही खुला रहेगा
रांची के लोक भवन का उद्यान 2 फरवरी से 8 फरवरी, 2026 तक खोला गया है। आज प्रथम दिन 2559 लोगों ने लोक भवन उद्यान का भ्रमण एवं परिदर्शन किया। उद्यान भ्रमण का समय पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक है। उद्यान में प्रवेश लोक भवन के गेट संख्या 2 से निर्धारित किया गया है। सुरक्षा जांचोपरांत अपराह्न दिन के 1 बजे तक उद्यान में लोग प्रवेश कर सकते हैं।












