इंडिया गठबंधन में बन गई बात, पर लोहरदगा पर फंसा पेंच

3 Min Read

रांची। झारखंड में सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग पर बात बन गई है। साथ ही सीट शेयरिंग का फार्मूला भी तय हो गया है।

एक-दो दिनों में सीटों पर तालमेल की घोषणा सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल दलों की ओर से की जा सकती है।

गठबंधन के अंदर से जो बातें छन कर आ रही हैं, उनके अनुसार सात, पांच, एक, एक के फार्मूला पर बात बनी है।

बताया जा रहा है कि सात सीट पर कांग्रेस, पांच सीट पर झामुमो, और एक सीट राजद तथा एक सीट वामदल को मिलने जा रही है।

हालांकि एक सीट लोहरदगा को लेकर अभी भी झामुमो एवं कांग्रेस में सहमति बनाने का प्रयास चल रहा है। मिल रही जानकारी के अनुसार लोहरदगा सीट यदि झामुमो को मिल जाती है, तो झामुमो-कांग्रेस में छह-छह सीट का बंटवारा होगा।

हालांकि कांग्रेस भी इसे अपनी परंपरागत सीट बता कर झामुमो को देने से इनकार कर रही है। दूसरी ओर झामुमो के विधायक चमरा लिंडा इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोंक रहे हैं।

उधर वामदल को भी आपसी सहमति बना कर संयुक्त रूप से कोडरमा से प्रत्याशी देने का आग्रह किया गया है। राजद द्वारा पलामू एवं चतरा सीट की मांग की जा रही थी।

पर राजद को एक ही सीट चतरा दिये जाने पर ही सहमति बनी है। बताया जा रहा है कि इस फार्मूले पर हेमंत सोरेन से भी राय ली गयी है।

बताया गया कि झामुमो इस बार कांग्रेस द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगा। फिलहाल कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड के प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।

दूसरी ओर एनडीए गठबंधन द्वारा 14 में 11 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गयी है। चतरा एवं धनबाद से भाजपा ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। वहीं गिरिडीह सीट आजसू को मिली है।

इंडिया गठबंधन में झामुमो को मिली सीटें इस प्रकार हैः

राजमहल, दुमका, गिरिडीह, जमशेदपुर एवं सिंहभूम।

कांग्रेस को मिली सीटें :

रांची, हजारीबाग, धनबाद, खूंटी, पलामू, गोड्डा एवं लोहरदगा।

राजद : चतरा। वामदल : कोडरमा।

इसे भी पढ़ें

रांची विवि समेत झारखंड के कितने विवि डिफाल्ट, यूजीसी ने जारी की सूची

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं