Dhanbad Land subsidence:
धनबाद। धनबाद के बाघमारा स्थित जोगता थाना क्षेत्र के नया श्यामबाजार (दलित बस्ती, 7 नंबर) में सोमवार सुबह भू-धंसान की घटना हुई। इस हादसे में एक घर पूरी तरह जमींदोज हो गया।
अच्छी बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
खतरा भांप घर से निकल भागे लोगः
बताया गया कि भू-धंसान से पहले जमीन से आवाजें आनी शुरू हो गई थीं।
खतरा भांपकर लोग घर छोड़ बाहर निकल आए और जरूरी सामान व राशन सुरक्षित निकाल लिया। इसके बाद भी कुछ सामान धंसान की चपेट में आ गया।
कई घरों में पड़ी दरारेः
घटना का असर आसपास के करीब एक दर्जन घरों पर भी पड़ा है। मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं जिससे लोगों में दहशत है। स्थानीय नेता इंद्रदेव भुइयां ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस हादसे के लिए क्षेत्र में हो रहे अवैध कोयला खनन को जिम्मेदार ठहराया और बीसीसीएल प्रबंधन व पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया।
नहीं पहुंचे बीसीसीएल के अधिकारीः
हादसे के कई घंटे बीत जाने के बाद भी बीसीसीएल के अधिकारी स्थल पर नहीं पहुंचे। इसे लेकर बस्ती के लोगों में भारी आक्रोश है। प्रभावित परिवार अब सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें
केंद्र वाणिज्यिक कोयला खदानों के प्रति निवेशकों को आकर्षित करने को रांची में करेगा प्रचार-प्रसार








