सावन में लालू यादव ने राहुल गांधी को खिलाया मटन

2 Min Read


नई दिल्ली। राजद सुप्रीमो लालू यादव अपने निराले अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उनका हर अंदाज लोगों को लुभाता है। ऐसा ही कुछ देखने को मिला बीते शुक्रवार को जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी की ऐसी आवभगत की, जो चर्चा का विषय बन गई। उन्होंने सावन के इस महीने में राहुल गांधी को न सिर्फ खुद का पकाया चंपारण मटन खिलाया, बल्कि इसकी रेसिपी भी समझा डाली।
दरअसल लालू यादव इस दिनों दिल्ली में अपनी बेटी मीसा भारती के आवास पर आराम कर रहे हैं। शुक्रवार को सजा पर रोक से संबंधित सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद राहुल गांधी लालू यादव से मिलने पहुंचे थे।

लालू ने गले लगकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। फिर उन्हें फूलों का गुलदस्ता भी भेंट किया। इसके बाद दोनों ने बातचीत की। फिर रात के खाने की तैयारी शुरू हुई। राहुल गांधी तब दंग रह गए जब लालू प्रसाद यादव ने बताया कि यह खास रेसिपी उन्होंने खुद ही पकायी है। उन्होंने राहुल को इसे कैसे पकाते हैं ये भी बताया।
इसके बाद लालू यादव राहुल गांधी को डिनर टेबल पर हाथ पकड़ कर ले गये। और अपना पसंदीदा ‘चंपारण मटन’ खिलाया। इस दौरान तेजस्वी यादव समेत आरजेडी-कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। सावन के महीने में भी ‘चंपारण मटन’ खाने से न लालू चूके और न ही राहुल खुद को रोक पाये।

राहुल गांधी भी लालू परिवार में घुल मिलकर दावत का लुत्फ उठाते रहे। लालू यादव ने राहुल को पूछ-पूछ कर खिलाया। वह खुद ही राहुल की प्लेट में मटन परोसते रहे। लालू यादव की आवभगत से राहुल भी अभिभूत दिखे। इसके बाद शेफ बने लालू यादव ने राहुल गांधी को बिहार की विशेष शैली में बनाई जाने वाली चंपारण मटन पकाने की तरकीब बताई। राहुल पर इस रेसिपी को पकाने की विधि बड़े गौर से सुनते नजर आये। राजद के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दोनों नेताओं के मिलने की शानदार तस्वीरें ट्वीट की गई हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं