लोकसभा चुनाव के पहले से नाराज चल रहे थे पूर्व विधायक
जमशेदपुर। बहरागोड़ा के पूर्व विधायक और भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी ने भाजपा के प्राथमिक सदस्य से इस्तीफा दे दिया है।
इससे पहले उन्होंने पार्टी के प्रवक्ता का पद छोड़ा था। अपना इस्तीफा उन्होंने चिट्ठी के माध्यम से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को भेजा है।
साथ ही उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र की कॉपी भेजी है। उन्होंने पार्टी छोड़ने के पीछे की वजह पार्टी की उदासीनता को बताया है।
त्यागपत्र में क्या लिखा
पत्र में उन्होंने लिखा है कि यह निर्णय मैंने गहन चिंतन और आत्ममंथन के बाद लिया है। पिछले कई महीनों से मैं यह महसूस कर रहा हूं कि कई बार पूर्वी सिंहभूम जिले की बुनियादी समस्याओं से जुड़े विषयों और संगठनात्मक विषयों को आपके और अन्य वरीय पदाधिकारियों के संज्ञान में लाने के बावजूद पार्टी जिले की महत्वपूर्ण मुद्दों के प्रति बिलकुल उदासीन है।
जब मैंने प्रदेश के प्रवक्ता के पद से त्यागपत्र दिया था तो मुझे उम्मीद थी कि मेरे द्वारा रखे गए विषयों पर पार्टी संज्ञान लेगी लेकिन दुखद है कि स्थिति आज भी जस की तस है।

संगठन के आंतरिक अनुशासन में गंभीरता नहीं
अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि जिले की कई बुनियादी सुविधाओं और विशेष तौर पर युवाओं के मुद्दों पर यहाँ से चुने हुए जन प्रतिनिधि हमेशा से मौन रहे हैं और संगठन के आंतरिक अनुशासन के प्रति भी कोई गंभीरता दिखाई नहीं देती है।
इन परिस्थितियों में प्रदेश नेतृत्व के द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया जाना दुर्भाग्यजनक है और मैं ऐसी कार्यप्रणाली से सहमत नहीं हूं। राजनीति में आने के मेरे मुख्य उद्देश्य के प्रति न्याय करने में असमर्थ हूं।
इसे भी पढ़ें
बिग ब्रेकिंग: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने प्रवक्ता पद से दिया इस्तीफा









