Koderma Valley:
ट्रक को ओवरटेक करने में हुआ हादसा
कोडरमा, एजेंसियां। कोडरमा जिले में एक स्कूली बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें जवाहर नवोदय विद्यालय की लगभग दो दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। ये छात्राएं एजुकेशनल टूर के लिए राजगीर जा रही थीं। घटना शनिवार सुबह कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास हुई।
विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ कुमार ने बताया कि कक्षा 11वीं की 75 छात्राएं एजुकेशनल टूर पर निकली थीं। बस एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में उसके पिछले हिस्से से टकरा गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बस चालक भी घायल हुआ है।
कुछ बच्चियां गंभीरः
डीसी ऋतुराज ने घटना को दुख प्रकट बताते हुए कहा कि कुछ बच्चियों को ज्यादा चोटें लगी हैं। हालांकि अधिकतर छात्राओं को हल्की फुल्की चोटें आई हैं।
घाटी के पेट्रोलिंग वाहन को सूचना दीः
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस को देखा और घाटी के पेट्रोलिंग वाहन को सूचना दी। पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचित किया और घटनास्थल पर पहुंची। कोडरमा पेट्रोलिंग की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीएम श्री योजना के तहत ले जाया जा रहा था टूर परः
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ कुमार ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत हर साल बच्चों को विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों के एजुकेशनल टूर पर ले जाया जाता है। इस दुर्घटना के बाद, घायलों के अलावा सभी बच्चों को वापस विद्यालय भेज दिया गया है और यह भ्रमण रद्द कर दिया गया है।








