पर्यावरण के वाशिंदे चल रहे हैं पैदल, जानें क्या थीम लेकर निकले हैं घर से?
रांची। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार व उत्तजर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले सौरभ देवांगन और अजितेश शर्मा पैदल ही पूरे देश का भ्रमण कर रहे हैं। छत्तीसगढ़, उड़ीसा, बंगाल, सिक्किम और बिहार होते हुए वे करीब 7,000 किमी की यात्रा पूरी कर वे रविवार को रांची पहुंचे। फिर यहां से वे छत्तीसगढ़ की ओर निकल गये। रांची छोड़ने से पहले अपनी इस यात्रा को लेकर अजितेश ने बताया कि वे थिएटर आर्टिस्ट थे। लॉकडाउन के दौरान उन्हें पर्यावरण का संदेश लेकर दुनिया घुमने का ख्याल आया।
लॉकडाउन के दौरान दिखी प्रकृति की सुंदरता
उन्होंने बताया कि लॉकडाउन प्रकृति की सुंदरता देखकर वे चकित रह गये। जब वाहनों का परिचालन कम हो गया, तो प्रदूषण का ग्राफ घट गया। फिर हमने ठाना की पैदल यात्रा कर दुनिया को संदेश देना चाहिए कि वाहनों का प्रयाग कम करें। अभी हम जिस भी शहर से गुजरते हैं, वहां के लोगों से मिलकर पौधरोपण करने का आग्रह करते हैं। साथ ही, पर्यावरण सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।
12 राज्य और 7000 किमी का सफर किया है पूरा
अजितेश शर्मा बताते हैं कि पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को लेकर इस पदयात्रा के खर्च का वहन परिवार वाले करते हैं। देश के 12 राज्यों से होते हुए कुल 7 हजार किमी का सफर पूरा कर लिया है। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य देश की रक्षा, राष्ट्र निर्माण और पर्यावरण सुरक्षा का मैसेज देना है। क्योंकि, कुदरत की दी हुई सभी चीजों का उपयोग हम कर लेंगे, तो आने वाली पीढ़ी के लिए क्या बचेगा। इसलिए, सभी से गुजारिश है कि आप भी पेड़-पौधे लगाएं और ईंधन खपत होने वाली गाड़ी का उपयोग कम करें।






