Soma Munda murder case
खूंटी। खूंटी जिले के खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुवादाग तालाब के पास 7 जनवरी 2026 को दंगल संगा पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दोनों शूटर, साजिशकर्ता और सहयोगियों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने क्या बताया?
खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन पर 8 जनवरी 2026 को खूंटी थाना कांड संख्या 03/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद लगातार छापेमारी अभियान चलाकर छह और आरोपियों को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने क्या कहा?
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि जमीन की खरीद-बिक्री में सोमा मुंडा के बार-बार हस्तक्षेप से वे नाराज थे। इसी रंजिश में जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर उन्होंने हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पहले मृतक की गतिविधियों की रेकी की और फिर योजना के तहत गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों में दानियल संगा, सुमित दगल सांड, मारकुस संगा, रोशन मिचयाड़ी, संदीप खलखो और संतोष दगल सांड शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, टाटा टियागो कार, रेकी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, शूटरों के कपड़े, हेलमेट, जूते-चप्पल और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसपी ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड का लगभग पूरा खुलासा हो चुका है। इस कार्रवाई से इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है।








