Chaitra Chhath Puja: खरना अनुष्ठान संपन्न, छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू, आज संध्या अर्ध्य [Kharna ritual completed, 36 hours of waterless fast of Chhath devotees begins, evening prayer today]

3 Min Read

Chaitra Chhath Puja:

रांची। चार दिवसीय छठ महापर्व का खरना अनुष्ठान बुधवार को संपन्न हुआ। खरना संपन्न होने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। इससे पहले दिनभर व्रतियों ने उपवास रखा। शाम में स्नान-ध्यान कर पूजा अर्चना की। प्रसाद तैयार किया। फिर भगवान को नैवेद्य अर्पित किया गया। परिवार की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गयी। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इधर, खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए शाम से ही लोग व्रतियों के घरों में पहुंचने लगे थे।

Chaitra Chhath Puja: छठी मइया के पारंपरिक गीतों की गूंजः

केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके ऊंके, हो करेलु छठ बरतिया से झांके ऊंके…, पहिले पहिल हम कईनी, छठी मइया व्रत तोहार…करिहा क्षमा छठी मइया, भूल-चूक गलती हमार…, मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाये…जैसे गीतों के बीच छठ व्रतियों ने भगवान का ध्यान किया।

Chaitra Chhath Puja: आज छठ घाटों पर संध्या अर्ध्यः

गुरुवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्ध्य दिया जायेगा। व्रती छठ घाट जायेंगे। वहीं कई व्रती अपने घरों में अर्ध्य देंगे। इसके लिए कइयों ने कृत्रिम घाट का निर्माण किया है। वहीं कई व्रती पानी की टंकी और प्लास्टिक के टब में अर्घ देंगे। इससे पहले सुबह से ही प्रसाद बनाने की तैयारी शुरू हो जायेगी। दोपहर बाद व्रती घाट पर जायेंगे। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य दिया जायेगा। सबकी मंगलकामना की जायेगी। फिर शुक्रवार को उगते सूर्य को अर्ध्य दिया जायेगा। इसके बाद व्रती हवन करेंगे और बजरी लुटायेंगे। इसी के साथ व्रत संपन्न होगा।

Chaitra Chhath Puja:छठ को लेकर सजा बाजारः

चैती छठ को लेकर राजधानी के बाजार सज गये हैं। सूप, दउरा, नारियल सहित पूजन सामग्री की बिक्री हो रही है। नारियल 30-40 रुपये पीस, सूप 80-100 रुपये पीस, दउरा 150-350 रुपये पीस और बद्दी 15-24 रुपये दर्जन के हिसाब से बिक रहा है।

इसे भी पढ़ें

नहाय खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, आज व्रती खाती हैं सात्विक भोजन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं