Kanke Dam: कांके डैम के पास घर में घुसकर युवक को अपराधियों ने मारा चाकू, इलाके में तनाव [Criminals stabbed a young man after entering his house near Kanke Dam, tension in the area]

2 Min Read

Kanke Dam:

रांची। राजधानी रांची के कांके डैम इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मुंडन कार्यक्रम के दौरान कुछ अज्ञात अपराधी एक घर में घुस गए और रमेश उरांव (35) नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने कांके रोड को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया।

कांके डैम क्षेत्र स्थित एक घर में मुंडन का कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान कुछ लोग अचानक घर में घुस गए और रमेश उरांव पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। परिजनों ने आनन-फानन में घायल रमेश को रिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक जमीन का कारोबार किया करता था।

Kanke Dam: आक्रोशित लोगों ने किया कांके रोड़ जाम

घटना की सूचना मिलते ही कांके और गोंदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कांके रोड पर सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों की मांग है कि हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी हो और मृतक के परिवार को मुआवजा मिले।

Kanke Dam: मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी को लेकर शक जताया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

इसे भी पढ़े:

Ranchi Police: रांची पुलिसः सिर्फ ड्यूटी और ड्यूटी, न ट्रेनिंग न आराम, अब प्रमोशन के लिए ली जा रही परीक्षा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं