रांची। शिबू सोरेन की छोटी बहू और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन की सक्रिय राजनीति में इंट्री होने जा रही है।
उनकी इंट्री भी होगी पति हेमंत सोरेन के चुनावी क्षेत्र बरहेट से। आनेवाले 10 मार्च को वह बरहेट जायेंगी और वहां कार्यकर्ताओं संग बैठक करेंगी।
यह उनका पहला सार्वजनिक राजनीतिक कार्यक्रम होगा। हालांकि पिछली बार उन्हें 29 जनवरी को हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झामुमो विधायकों की बैठक में देखा गया था।
यह बैठक हेमंत सोरेन के आवास पर ही हुई थी। परंतु इस बैठक में वह चुप ही रही थीं। इसके बाद से कयास लगने लगे थे कि उनकी राजनीति में इंट्री होगी और वह मुख्यमंत्री का अगला चेहरा हो सकती हैं।
परंतु पार्टी ने कोई रिस्क नहीं उठाते हुए चंपाई सोरेन को ही अगला मुख्यमंत्री चुना। इधर साहिबगंज के बरहेट में झामुमो प्रखंड कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष राजाराम मरांडी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इसमें पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रिहाई को लेकर न्याय यात्रा की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक का संचालन प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान ने किया।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से पूर्व मुख्यमंत्री की रिहाई को लेकर अपनी-अपनी पंचायतों के मांझी थान, मंदिर, मस्जिद तथा गिरजाघर में पूजा एवं दुआ करने की अपील की।
प्रखंड अध्यक्ष ने बताया कि हम बापू के दिखाये अहिंसा के मार्ग पर चलकर पूर्व सीएम को रिहा करवायेंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन 10 मार्च को बरहेट आएंगी। कल्पना बरहेट विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगी।
हालांकि, कार्यक्रम को लेकर स्थल चयनित नहीं किया गया है। मौके पर झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष छवि हेंब्रम, नंदलाल साह, अब्दुल मजीद, सनीराम हांसदा, समदा सोरेन, देवीलाल तुरी, शाम हेम्ब्रम सहित अन्य मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें









