रांची, एजेंसियां। नियुक्ति से वंचित JSSC PGT 2023 परीक्षा के अभ्यर्थियों ने शनिवार को राजभवन के समक्ष हवन किया।
उन्होंने बताया कि यह हवन इसलिए किया गया है, ताकि सरकार को सद्बुद्धि आए। हवन में सभी 24 जिले के सैकड़ों अभ्यर्थियों शामिल हुए।
इसमें बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी अपने बच्चों के साथ धरना स्थल पर पहुंची थी। आज के प्रदर्शन में गणित, अर्थशास्त्र, इतिहास, अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत और कॉमर्स के विद्यार्थी शामिल हुए।
बता दें कि ये अभ्यर्थी पिछले पांच दिनों से राजभवन के समक्ष धरना प्रदर्शन कर रहे है। इनका आरोप है कि रिजल्ट में सफल होने के बावजूद आयोग ने अब तक इनका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन नहीं किया है।
उन्होंने मांग की कि सातों विषयों के रिजल्ट अविलंब जारी किये जायें। कहा कि जब तक JSSC पीजीटी 2023 का परीक्षा परिणाम नहीं निकल जाता है, तब तक यह धरना जारी रहेगा।
अभ्यर्थियों की मांग है कि लोकसभा चुनाव से पहले सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाये।
अभ्यर्थी मोहम्मद सलमान, देवेंद्र कुमार ने कहा कि नियुक्ति वर्ष 2024 भी शुरू हो गया है, लेकिन पहले की परीक्षा का ही परिणाम नहीं निकाला जा रहा है।
एक ही विज्ञापन के कुछ विषयों का नियुक्ति पत्र देना शेष सात विषय के अभ्यार्थियों के साथ धोखा है।
इसे भी पढ़ें








