परीक्षा से 20 मिनट पहले कहां से आया था ईमेल
रांची। JSSC-CGL पेपर लीक मामले में हर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। SIT को कई अहम सुराग भी मिले हैं। सबसे चौंकानेवाला तथ्य तो ये है कि 28 जनवरी को तीसरी पाली की परीक्षा दोपहर के तीन बजे से थी, लेकिन आयोग के ईमेल आईडी में दो बजकर 38 मिनट पर एक मेल आया था और मेल में पूरी आंसर शीट थी।
अब बड़ा सवाल ये है कि परीक्षा से 20 मिनट पहले ये ईमेल किसने और किसे भेजा था। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा के पश्न पत्र लीक मामले में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने जब ईमेल की जांच की तो 150 प्रश्नों में से अधिकतर प्रश्नों के एक उत्तर विकल्प प्राप्त ईमेल में अंकित उत्तर विकल्पों से मेल खाते थे। आयोग को एक ईमेल दो बजकर 32 मिनट पर भी आया था।
लेकिन इस ईमेल में कुछ स्पष्ट नहीं था। इस बिंदू पर भी जांच चल रही है कि आयोग को कहां से ईमेल आया था।
बता दें कि आयोग की ओर से इस मामले में प्रभारी सचिव मधुमिता कुमारी के बयान पर केस दर्ज किया गया है।
सीलबंद से पहले लीक हुआ पेपर!
आयोग ने इस मामले का पूरा ठिकरा परीक्षा लेनेवाली एजेंसी पर फोड़़ा है। कहा है कि प्रश्नों का चयन तथा प्रश्न पत्र बनाये जाने और उनके मुद्रण तथा प्रश्न पत्रों के जिला वार परीक्षा केंद्र वार और परीक्षा कक्ष वार पैकिंग और पैकिंग सीलबंदीकरण की प्रक्रिया आउटर्सोसिंग एजेंसी द्वारा की जाती है।
सभी परीक्षा सामग्री आउटर्सोसिंग एजेंसी द्वारा सीधे रांची जिला कोषागार में जमा कराई जाती है। सभी सामग्री सीलबंद होता है।
लेकिन परीक्षा के दिन किसी सेंटर से आयोग को यह शिकायत नहीं मिली थी कि सीलबंद में कोई छेड़छाड़ हुई हो। जब सीलबंद में कोई छेड़छाड़ नहीं हुई, तो उत्तरपुस्तिका आयोग को कैसे मिली। इससे स्प्ष्ट होता है सीलबंद होने से पहले ही पेपर लीक हो चुका था।
रांची के दो युवक गिरफ्तार, रजिवान की तलाश
इस मामले रांची के वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों युवकों से पूछताछ चल रही है। इस मामले में पुलिस अभी तक 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद छोड़ चुकी है।
पुलिस इस मामले में झारखंड विधानसबा के अवर सचिव सज्जाद इमाम और उनके दोनों बेटे को जेल भेज चुकी है।
इस मामले में और आरोपितों की जांच की जा रही है। पुलिस बिहार और चेन्नई में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस को इस मामले में रिजवान की तलाश है।
रिजवान की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा कि इस मामले में कौन कौन लोग शामिल हैं। रिजवान सज्जाद का दामाद है, जो बिहार विधानसभा में मार्शल है।
पुलिस इस मामले में जेल भेजे गए अवर सचिव सज्जाद इमाम को जल्द ही रिमांड पर लेगी। पुलिस का कहना है कि अवर सचिव से पूछताछ करने पर इस मामले में और सुराग मिलेगा।
पुलिस अवर सचिव का कुंडली खंगाल रही है। अवर सचिव विधानसभा में काफी चर्चित रहे हैं।
इसे भी पढ़ें
झारखंड में शिक्षकों को मिलेगा प्रोमोशन, MACP पर भी फैसला जल्दी









